वाल्मीकि समाज ने किया नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षद का स्वागत सम्मान ।
बेगूं । बेगूं कस्बे में हाल ही में संपन्न हुए नगर पालिका चुनाव के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बधाइयों का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्थानीय वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारियों द्वारा नवनिर्वाचित पालिका बोर्ड के पदाधिकारियों के सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष गरिमा शर्मा, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र आंचलिया और वार्ड पार्षद लाड देवी शर्मा का समाज के वरिष्ठ नागरिकों और पदाधिकारियों ने पारंपरिक रूप से ऊपरना पहनाकर एवं फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान समाज के लोगों ने जनप्रतिनिधियों का मुंह मीठा करवाकर जीत की बधाई दी।
मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों और सफाई कर्मियों ने नवनिर्वाचित बोर्ड के सामने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं व मांगों के त्वरित समाधान की पुरजोर मांग रखी। समाज ने अम्बेडकर कॉलोनी वार्ड नं. 8 में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम का प्रवेश द्वार निर्माण करवाने, कॉलोनी निवासियों के लिए समाज की उपलब्ध भूमि पर सामाजिक समारोह हेतु निर्माण कार्य करवाने,सामुदायिक भवन के ऊपर चार कमरों के निर्माण सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने, सफाई कर्मी भर्ती 2026 में 100 % समाज के लोगों को प्राथमिकता देने की मांग रखी गई।
बिना भेदभाव होगा विकास: गरिमा शर्मा।
स्वागत से अभिभूत नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष गरिमा शर्मा ने समाज के सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पालिका प्रशासन बिना किसी भेदभाव के पूरे बेगूं क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सफाई कर्मचारियों के हितों और वाल्मीकि समाज के कल्याण के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे और उनकी जायज मांगों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर कुलदीप डिडवानिया, कोमल शर्मा, नरेश कुमार सुथार सहित वाल्मीकि समाज के सुरेन्द्र बोर्डे , विनोद बारेसा, रणजीत, दिलीप बोर्डे, अर्जुन बोर्डे, भारत, वीरेंद्र, जगदीश एवं गणमान्य नागरिक, समाज के युवा और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।









